n NBT न्यूज, पलवल
पारिवारिक कलह से परेशान एक स्पोर्ट्स अकादमी संचालक ने आगरा नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को नहर से बरामद किया। मृतक के पिता ने बहू व उसके पिता के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
आरोप है कि बेटे की पत्नी अपने नाम जमीन करवाने का दबाव बना रही थी। उसने दहेज मांगने का केस भी दर्ज करवाया हुआ था। पुलिस ने अंजलि, महेंद्री और पिता बच्चू सिंह के खिलाफ स्यूसाइड के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, शहर के कैलाश नगर निवासी नरसिंह चौहान अर्जुन स्पोर्ट्स अकादमी का संचालन करते थे, जहां वे युवाओं को फौज और पुलिस भर्ती के लिए शारीरिक प्रशिक्षण देते थे। शुक्रवार दोपहर वह अलावलपुर पुल पर पहुंचे और आगरा नहर में छलांग लगा दी। शनिवार सुबह दोबारा शुरू की गई सर्च ऑपरेशन के दौरान गांव किठवाड़ी के पास झाल पर उनका शव बरामद हुआ। उनका आठ साल का एक बेटा भी है।
चांदहट थाना पुलिस के अनुसार, मामले में पिता की शिकायत के बाद नरसिंह की पत्नी और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






