n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
गोकुलपुरी इलाके में शनिवार दोपहर घर में लगे एसी में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेटे में आने से चार साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई (साढ़े पांच साल) की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। गोकुलपुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना के बाद मौके पर क्राइम टीम और फरेंसिक टीम भी पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए। फिलहाल गोकुलपुरी पुलिस बीएनएस की धारा 194 के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मनीष अपने परिवार के साथ मकान नंबर-2 गली नंबर-2 जौहरीपुर में रहते हैं। परिवार में पत्नी, बड़ा बेटा प्रियांशु के अलावा छोटा बेटा यक्षित था। इसी मकान में नीचे के फ्लोर पर उनकी सास का भी परिवार रहता है। उनका बेटा यक्षित यूकेजी में पढ़ता था, जबकि प्रियांशु क्लास-1 में पढ़ता है। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे दोनों बच्चे नानी के पास कमरे में थे। अंदर एसी चल रहा था। दोनों ने नानी से कोल्ड ड्रिंक लाने को कहा। नानी कोल्ड ड्रिंक लेने चली गईं। जब वह वापस आईं तो देखा कि कमरे से धुआं निकल रहा है। उन्होंने शोर मचाया तो बच्चों की मां और आसपास के लोग जुट गए। अंदर जाने पर पता चला के दोनों बच्चे यक्षित और प्रियांशु घायल हैं। दोनों को परिवार वाले जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने यक्षित को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रियांशु की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल से शाम करीब 6:30 गोकुलपुरी पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद पुलिस वाले अस्पताल पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि घर में लगे इंडोर एसी में ब्लास्ट हुआ था।






