n NBT न्यूज, रेवाड़ी
निकाय चुनावों के दौरान बीजेपी ने पार्टी के दो निर्वतमान चेयरमैन सहित 15 पदाधिकारियों व कर्यकर्ताओं को निष्काशित कर दिया है। इनमें नगर परिषद रेवाड़ी की पूर्व चेयरपर्सन पूनम यादव व धारूहेड़ा पालिका के पूर्व चेयरमैन कंवर सिंह यादव भी शामिल हैं।
इन्हें निकाय चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के कारण 6 साल के लिए पार्टी से निकाला गया है। पार्टी ने यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शनिवार को रेवाड़ी दौरे से चंद घंटों पहले लिया। बीजेपी के जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार पूर्व चेयर्सन पूनव यादव व पूर्व पार्षद बलजीत यादव, पूर्व चेयरमैन कंवर सिंह यादव, पूनम सतीजा, अंजलि शर्मा, अमृतकला टिकानियां, मनीष सैनी, अनुराधा शर्मा, योगेश शर्मा, भवानी शंकर, राकेश बड़ीवाल, बलवंत राय कौशिक, नवीन सैनी, सुधीर स्वामी, मनीष टिकानियां को पार्टी से निष्काशित किया है। गौरतलब है कि पूनम यादव व बलजीत यादव की भाभी शर्मिला यादव बीजेपी से टिकट न मिलने पर पार्षद प्रत्याशी बनकर निर्दलीय मैदान में उतरी हैं। आरोप है दोनों अपनी भाभी का प्रचार कर रहे थे। उन्हें कोई नोटिस देकर स्पष्टीकरण नहीं मांगा गया। कहा कि वे पार्टी प्रत्याशी के प्रचार के लिए तैयार हैं। अब पार्टी ने जो फैसला लिया है, इस पर गौर करेंगे। इसी तरह धारूहेड़ा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन कंवर सिंह यादव का पार्टी ने टिकट काट दिया तो वे निर्दलीय के तौर पर चेयरमैनी की लड़ाई में मैदान में कूद गए। शेष कार्यकर्ता व पदाधिकारी टिकट कटने पर निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं।






