n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
बड़खल इलाके में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना जमाई कॉलोनी की है, जहां पीड़ित परिवार शादी में शामिल होने के लिए घर बंद कर गया हुआ था। जानकारी के अनुसार, जमाई कॉलोनी निवासी मोहम्मद बिलाल 30 अप्रैल की शाम अपने घर पर ताला लगाकर नोएडा शादी में गए थे। अगली सुबह उनके पड़ोसी ने फोन कर घर का गेट खुला होने की सूचना दी। जब बिलाल घर पहुंचे तो देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारी व बेड के लॉक भी खुले पड़े थे। बताया जा रहा है कि चोरी हुए सामानों में कुछ जेवरात शादी के लिए रखे गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।






