NBT न्यूज, जींद : नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर शनिवार को दूसरे दिन भी सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को जारी रखा। हड़ताल के कारण जींद शहर पूरी तरह कचरे के अंबार में तबदील हो गया है। दूसरे दिन भी सफाई कार्य ठप रहने के चलते शहर में कचरे का उठान नही हो पाया। सडक़ों, गलियों और वार्डों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। जिससे बदबू फैल रही है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार सुबह भी वार्डवासी कचरा फेंकने के लिए गाड़ी का इंतजार करते रहे लेकिन गाड़ी नहीं पहुंचीं। कई लोगों ने घर का कूड़ा सड़क किनारे, नालियों के पास या खाली प्लॉटों में फेंक दिया।





