n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सेक्टर-56 मोड़ के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
गांव मादलपुर निवासी विजयशंकर 11 वर्षीय बेटे मोहित और पड़ोसी मुकेश के साथ 30 अप्रैल की रात शादी समारोह से लौट रहे थे। करीब 12:15 बजे जब वे सेक्टर-56 मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने 112 पर सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पहले उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, गंभीर हालत होने के कारण उन्हें बीके अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों ने विजयशंकर की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल मोहित का इलाज बीके में चल रहा है, जबकि मुकेश को गंभीर चोटों के कारण दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।






