n NBT न्यूज, फरीदाबाद
नगर निगम व फायर कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इससे सीवर, डोर टु डोर कूड़ा कलेक्शन और सफाई का काम प्रभावित रहा। हड़ताली कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय पर सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर की अध्यक्षता में आम सभा का आयोजन किया। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने 2014 से अब तक एक भी कर्मचारी को पक्का नहीं किया है। इस साल 6 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2014 की रेगुलराइजेशन की दोनों पाॅलिसियों को वैध करार देने के बाद हरियाणा सरकार ने 23 व 31 दिसंबर 2025 के हाई कोर्ट के फैसले को लागू नहीं किया। लांबा ने सभी विभागों में काम करने वाले ठेका व पार्ट टाइम कर्मियों से एकजुट होकर रेगुलराइजेशन पाॅलिसी बनाने के लिए निर्णायक आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया, ताकि दो साल की सेवा पूरी कर चुके सभी ठेका व पार्ट टाइम कर्मियों को सरकार से पक्का करवाया जा सके। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान दलीप बोहत, सचिव अनिल चिंडालिया व सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर ने कहा कि यह हड़ताल नगर निगमों, पालिकाओं व परिषदों से सभी प्रकार का ठेका समाप्त कर ठेका कर्मियों को पक्का करने की मांग के लिए की जा रही है। सभा में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के नेता रामकेश साहरण, टूरिज्म के नेता दिगंबर डागर और नगर निगम के नेता श्रीनंद ढकोलियां आदि उपस्थित रहे।






