एटमी मुद्दे का ज़िक्र न होने से ट्रंप ने ईरानी प्रस्ताव पर जताई नाखुशी, कहा- जल्दबाज़ी में पीछे नहीं हटेंगे

नवभारतटाइम्स.कॉम

ईरान के नए प्रस्ताव को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ठुकरा दिया है। परमाणु मुद्दे का जिक्र न होने से ट्रंप नाखुश हैं। उन्होंने कहा कि जंग जल्दबाजी में खत्म नहीं होगी। ईरान के सैन्य अधिकारी ने अमेरिका के साथ जंग फिर शुरू होने की आशंका जताई है।

trump rejects iranian proposal unhappy with no mention of nuclear issue says will not back down hastily

n एपी/एएफपी, वॉशिंगटन/तेहरान

अमेरिका और ईरान में सीज़फायर के बीच तनाव फिर बढ़ता जा रहा है। जंग रोकने वाले ईरान के नए प्रस्ताव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ओर से खारिज किए जाने के बाद से हमले फिर शुरू होने की आशंका बढ़ गई है। खुद ईरान के सीनियर मिलिट्री अफसर मोहम्मद जाफर असदी ने अमेरिका के साथ जंग फिर शुरू होने की आशंका जताई है। ईरानी सेना मुख्यालय में उप प्रमुख मोहम्मद जाफर असदी ने कहा कि अमेरिका किसी भी समझौते या संधि के प्रति ईमानदार नहीं है। अगर अमेरिका कोई गलत कदम उठाता है तो ईरान की सेना जवाब देगी।

ईरान ने नया प्रस्ताव गुरुवार को पाकिस्तान के जरिये अमेरिका तक पहुंचाया था। ट्रंप ने इसे ठुकराते हुए कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन मैं इस प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हूं। ईरान के एटमी प्रोग्राम का जिक्र कर ट्रंप ने कहा कि यह जंग जल्दबाजी में खत्म नहीं की जाएगी। हम जल्दी नहीं निकलेंगे, ताकि तीन साल बाद फिर यही समस्या न खड़ी हो जाए। इससे पहले पहले ईरान के 26 और 27 अप्रैल के भेजे प्रस्ताव को भी वह खारिज कर चुके हैं। वाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि ईरान ने अपने प्रस्ताव में एटमी मुद्दे का जिक्र नहीं किया है, जिससे ट्रंप नाखुश हैं।

ईरान के सीनियर अधिकारी ने कहा कि नए प्रस्ताव में पहले होर्मुज स्ट्रेट को खोलने और अमेरिकी नाकेबंदी खत्म करने की बात है, परमाणु मुद्दे पर बातचीत बाद में की जाएगी। हमारा मानना है कि परमाणु मुद्दे को बाद में रखने से समझौता करना आसान हो सकता है।