n NBT न्यूज, पलवल : सदर थाना क्षेत्र के गांव राखौता में एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बुद्ध सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अप्रैल की दोपहर वह अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक फायरिंग की आवाज से उसकी नींद खुल गई। बाहर निकलते ही दोबारा फायर किया गया। एक गोली घर के मुख्य गेट के शीशे पर लगी, जबकि दूसरी गोली कमरे की खिड़की का शीशा तोड़ते हुए उसकी कनपटी के पास से गुजर गई। पीड़ित ने खिड़की से देखा तो गांव बढ़ा निवासी नितिन और उसका एक साथी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एक नामजद सहित दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।






