NBT न्यूज,कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र में शादी के महज 12 दिन बाद एनआरआई युवक की शुक्रवार रात को ट्रक से कार की टक्कर को मौत हो गई। वह शादी के लिए न्यूजीलैंड से कुरुक्षेत्र आया था। शादी के बाद वह अपने दोस्त के साथ पत्नी के वीजा से जुड़े दस्तावेज बनवाने गया था। शुक्रवार रात दोनों दोस्त कार में सवार थे। इस्माइलाबाद के पास उनकी कार के आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे उनकी कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि राहगीरों ने दोनों को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां नवविवाहित युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मारे गए युवक की पहचान गौरव कुमार उर्फ साहिल, निवासी खरींडवा के रूप में हुई है। पिछले महीने की 19 अप्रैल को ही साहिल की शादी हुई थी।
दोस्त अंकित ने बताया कि वह साहिल के साथ उसकी पत्नी के दस्तावेज बनवाने के लिए कार में सवार होकर पिहोवा आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। कार साहिल चला रहा था, जबकि अंकित उसके साथ वाली सीट पर बैठा था। साहिल सामान्य गति से कार चला रहा था। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे जब वे जमींदारा ढाबा के पास पहुंचे, तो कार के पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी। गौरव को हादसे के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है।





