NBT न्यूज,अंबाला
अंबाला में शुक्रवार देर रात पिकअप सवार पशु तस्करों ने एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त बाल-बाल बच गया। पशु तस्करों के पीछे पुलिस टीम लगी हुई थी। वह पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर भागे थे।
कुछ दूरी पर बाइक सवार युवकों को पुलिसकर्मी समझकर तस्करों ने उन पर गोली चला दी, जिसमें एक युवक के माथे पर गोली लग गई। इसके बाद तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। शनिवार सुबह मंत्री अनिल विज सिविल अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की।
डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजोखरा थाना क्षेत्र के टुंडला के पास पशु तस्कर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तस्करों को घेरने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की गाड़ी के शीशे पर गोली भी लगी।
गरनाला निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (25) अपने दोस्त नक्षत्र सिंह के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। दोनों एक कैंटीन में काम करते थे। जब वे तोपखाना रोड पर टुंडला मोड़ के पास पहुंचे। सामने पिकअप में वही बदमाश थे, जिनका पुलिस पीछा कर रही थी। रात के अंधेरे में हेलमेट पहने दोनों युवकों को देखकर तस्करों को लगा कि सामने पुलिस की नाकेबंदी है और दोनों युवक पुलिसकर्मी हैं। खुद को घिरता देख उन्होंने देसी कट्टे से बाइक सवारों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे गुरप्रीत सिंह के माथे पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। इस हमले में नक्षत्र सिंह बाल-बाल बच गया।
वारदात के बाद पशु तस्कर भाग निकले और कुछ दूरी पर अपनी पिकअप गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।





