NBT न्यूज, गुड़गांव: रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए शेड बनवाने के साथ प्रतीक्षा स्थल फिर से शुरू कर दिया गया है। वहीं बचे कामों को अगस्त तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
शेल्टर का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है, जिसके बाद अब यात्रियों को धूप में खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अस्थायी बैठने की व्यवस्था भी बढ़ाई गई है, वहीं आवाजाही को आसान बनाने के लिए लिफ्ट लगाने का काम चल रहा है। साफ पेयजल की बेहतर व्यवस्था और रिजर्वेशन काउंटर को व्यवस्थित किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि स्टेशन को पूरी तरह आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे शहर के रेलवे स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।






