n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल्स का सांस्कृतिक महोत्सव 'क्रेसेंडो' का 9वां संस्करण शनिवार को हुआ। भारत वंदन -ए-कल्चरल ओड टू इंडिया थीम पर आधारित इस समारोह में छह राज्यों के 60 से अधिक स्कूलों के 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भारत वंदन के जरिए छात्रों ने शास्त्रीय व लोक नृत्य, हिंदुस्तानी व कर्नाटक संगीत, संस्कृत काव्य और आधुनिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
100 से अधिक इवेंट्स में परफॉर्मिंग आर्ट्स, लिटरेरी आर्ट्स और विजुअल आर्ट्स का अनूठा संगम देखने को मिला। इस वर्ष छात्रों ने एआई का भी नवाचारी इस्तेमाल किया, लेकिन अपनी मौलिकता को बरकरार रखा। समारोह के ग्रैंड फिनाले में मुख्य अतिथि, जाने-माने थिएटर आर्टिस्ट व वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी ने कहा कि नई पीढ़ी का अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ना बेहद प्रेरणादायक है।






