बस से कुचलकर छात्रा की मौत मामले में FIR

नवभारतटाइम्स.कॉम

दनकौर के रोशनपुर गांव में एक पांच साल की छात्रा की स्कूल बस से कुचलकर मौत हो गई। यह घटना गुरुवार को हुई थी। पुलिस ने तीन दिन बाद छात्रा के पिता की तहरीर पर चालक चमन और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

student dies after being run over by bus fir against driver and school manager accused absconding

n NBT न्यूज, दनकौर : रोशनपुर गांव में स्कूल बस से कुचलकर पांच वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने चालक चमन और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना के तीन दिन बाद पीड़ित पिता की तहरीर पर शनिवार को केस दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी। पुलिस ने बस को पहले ही कब्जे में लेकर सीज कर दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा की पांच वर्षीय बेटी भूमि तालड़ा गांव स्थित ध्रुव पब्लिक स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। बीते गुरुवार दोपहर छुट्टी के बाद भूमि स्कूल बस से घर लौटी थी। आरोप है कि गली के पास बस से उतरने के बाद जैसे ही वह घर की ओर बढ़ी, तभी चालक की लापरवाही से उसी स्कूल बस ने उसे कुचल दिया। हादसे में भूमि गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को तत्काल ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद चालक बच्ची को अस्पताल पहुंचाने के बजाय बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।