n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट : सुपरटेक ईको विलेज-1 सोसायटी में एक टावर से प्लास्टर गिरने के कारण नीचे खड़ी गाड़ी का शीशा टूट गया। इस घटना के बाद निवासियों ने निर्माण साम्रगी पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि निर्माण के दौरान ठीक सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया है, जिसकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
सोसायटी के निवासियों ने बताया कि परिसर में शुक्रवार को एक टावर की बालकनी से प्लास्टर टूटकर नीचे ओपन पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ी पर आकर गिरा। बालकनी से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गाड़ी के पीछे वाले शीशे पर आकर गिरा, जिससे पूरा शीशा टूट गया। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर लापरवाही है। यदि उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। कई बार लिफ्ट के पास से टाइल गिर जाती हैं और बालकनियों से प्लास्टर टूटकर नीचे गिरता रहता है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इस मामले में मेंटिनेंस टीम से पक्ष लेने के लिए संपर्क किया, लेकिन जवाब नहीं दिया।






