n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर की सड़कों पर लापरवाह चालकों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार सुबह थार चालक ने शिवाजी नगर एरिया में लापरवाही से ड्राइव करते हुए अपनी जान तो खतरे में डाली ही, सामने से आ रही कार को भी जोरदार टक्कर मार दगी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
आराेप है कि जिस थार से यह हादसा हुआ, उसके सभी शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म चढ़ी हुई थी और फ्रंट विंडशील्ड पर हरियाणा पुलिस का लोगो भी लगा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गली में मुड़ते ही चालक ने अचानक एक्सीलेटर दबा दिया, इससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सामने आ रही गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया। हादसे के शिकार हुए विकास ने बताया कि वह अपनी कार का काम करवा कर वापस लौट रहे थे और उनकी गाड़ी बिल्कुल साइड में खड़ी थी। आरोप है कि थार चालक इतनी तेज था कि वह हमारी गाड़ी के ऊपर चढ़ने वाला था। जब विरोध किया, तो उतरकर धमकाने लगा। गाड़ी पर पुलिस का स्टीकर लगाकर वह हमें ही धौंस दे रहा था कि अभी सबक सिखाता हूं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को बीच सड़क से हटवाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया। थार गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बिना नंबर प्लेट और पुलिस के लोगो वाली यह गाड़ी किसकी है और क्या चालक का संबंध वाकई पुलिस विभाग से है या वह केवल रसूख दिखाने के लिए लोगो का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।






