n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : अगर आपने पिछले कई वर्षों से अपने घर या दुकान का हाउस टैक्स जमा नहीं किया है, तो सावधान हो जाएं। नगर निगम ने शहर के ऐसे 50 हजार डिफॉल्टरों की लिस्ट तैयार कर ली है, जिन्होंने बार-बार नोटिस के बावजूद टैक्स नहीं भरा है। नगर निगम प्रशासन अब इन संपत्तियों के खिलाफ कुर्की और सीलिंग की बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।
नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, टैक्स न चुकाने वालों में सबसे बड़ी संख्या पुराने लखनऊ के इलाकों से है। चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह का कहना है कि इन इलाकों में कई पुराने मकान हैं, जिनका टैक्स वर्षों से लंबित है। इस लिस्ट में एक बड़ी संख्या उन संपत्तियों की है, जो कोर्ट में विवादित हैं। कई मालिकों ने मुकदमेबाजी की आड़ में वर्षों से टैक्स नहीं भरा है। नगर निगम ने अब साफ कर दिया है कि केवल स्टे ऑर्डर वाले मामलों को छोड़, बाकी विवादित संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त के निर्देश पर जोनल अधिकारियों ने वॉर्ड वार टीमें बना दी हैं। पहले चरण में मुनादी कराई जाएगी। बकाया जमा नहीं होता है, तो संपत्ति को सील किया जाएगा।


