n NBT न्यूज, फरीदाबाद : उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग की ओर से शहर के आउटर बाईपास रोड के किनारे चारदीवारी बनाए जाने से कॉलोनीवासियों में नाराजगी है। रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से लोगों ने मुलाकात कर इस समस्या को उठाया।
न्यू इंद्रा कॉम्प्लेक्स पार्ट-2-, गड्ढा काॅलोनी, मवई रोड नहरपार, रोशन नगर, हरकेश नगर , धीरज नगर की ओर सिंचाई विभाग पांच फीट की चारदीवारी बना रहा है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी होगी। कॉलोनी के लोगों ने वाॅर्ड-30 के पार्षद अनिल नागर के नेतृत्व में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से उनके सेक्टर-28 स्थित कार्यालय पर मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। पार्षद ने मंत्री को बताया कि न्यू इंद्रा कॉम्प्लेक्स पार्ट-1, गड्ढा कॉलोनी, भोपाल कॉलोनी और मवई के निवासी बड़ी समस्या लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा अपनी जमीन की निशानदेही के लिए जो दीवार बनाने की तैयारी है,इससे कई रास्ते बंद हो जाएंगे। इससे स्कूली बच्चों पर इसका असर पड़ेगा। स्कूल जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि कानून के दायरे में रहकर इसका हल निकला जाएगा।


