n NBT न्यूज, हापुड़: थाना हापुड़ क्षेत्र निवासी चिकित्सक और उनके जूनियर डॉक्टर के बीच लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। मामले में हापुड़ कोतवाली निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय और जदीद चौकी इंचार्ज अशोक कुमार पर आरोप है कि उन्होंने जूनियर डॉक्टर को करीब आठ घंटे अवैध रूप से हिरासत में रखा और दुर्व्यवहार किया। इसकी शिकायत डीआईजी से की गई थी। जांच के बाद डीआईजी के निर्देश पर एसपी ने हापुड़ थाना प्रभारी निरीक्षक और जदीद पुलिस चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर रोड निवासी जूनियर चिकित्सक ने एक मई को मेरठ रेंज डीआईजी कलानिधि नैथानी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारियों ने एक सिविल मामले में जबरन समझौता कराने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, पीड़ित के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हवालात के निकट अवैध रूप से बैठाए रखा था। डीआईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुुए एसपी ग्रामीण बंजरग प्रसाद को जांच सौंपी। जांच के दौरान हापुड़ कोतवाली के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। मामले की रिपोर्ट एसपी ने डीआईजी को सौंप दी, जिसके आधार पर डीआईजी ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे।


