n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : मेवला महाराजपुर स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर में जल्द ही नी रिप्लेसमेंट ( घुटना प्रत्यारोपण ) की सुविधा शुरू होने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं और जल्द ही यहां विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती भी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने पहले यहां ऑर्थोपीडिक ऑपरेशन थिएटर (थियेटर) की सुविधा शुरू करने की योजना बनाई थी। इस कड़ी में अब सीएमओ स्तर से नी रिप्लेसमेंट सुविधा को मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद विभाग ने आवश्यक संसाधन और स्टाफ की व्यवस्था की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस नई सुविधा के शुरू होने से खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक घुटनों के ऑपरेशन के लिए मरीजों को बीके सिविल अस्पताल जाना पड़ता था, जिससे उन्हें समय और पैसे दोनों की परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब यह सुविधा नजदीक मिलने से मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अर्बन हेल्थ सेंटर में लगातार मेडिकल सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि लोगों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो सके। नी रिप्लेसमेंट जैसी उन्नत सुविधा शुरू होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र के मरीजों को काफी लाभ मिलेगा और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर उनका भरोसा और मजबूत होगा।


