पार्क बदहाल, स्ट्रीट लाइटें खराब शिकायत नहीं सुनते जिम्मेदार

नवभारतटाइम्स.कॉम

एनआईटी-1 के एच ब्लॉक के निवासी बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। पार्क में गंदगी और हरियाली का अभाव है। स्ट्रीट लाइटें खराब होने से अंधेरा छाया रहता है। सीवरेज व्यवस्था चरमराई हुई है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। आवारा पशुओं और अतिक्रमण से भी लोग परेशान हैं।

faridabad park in shambles streetlights broken sewerage system crippled authorities indifferent

संवाद

एनआईटी-1 के एच ब्लॉक के निवासी बोले-शिकायत पर नहीं होती सुनवाई

सीवर की व्यवस्था है खराब, गंदे पानी से बीमारी फैलने का खतरा

स्ट्रीट डॉग्स के कारण बुजुर्गों और बच्चों का बाहर निकलना हुआ मुश्किल

NBT न्यूज, फरीदाबाद

एनआईटी-1 स्थित एच ब्लॉक के निवासी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। निवासियों का कहना है कि नगर निगम की तरफ से उचित देखभाल न होने के कारण पार्क में गंदगी फैली है, क्योंकि इसमें कभी सफाई नही होती। पार्क में हरियाली का भी अभाव है। पार्क की देखभाल के लिए निगम की तरफ से किसी को तैनात नहीं किया गया है। इसके अलावा पार्क में पौधों को पानी देने के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं है। बच्चों के लिए लगे झूले भी रखरखाव के अभाव में टूट चुके हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि ब्लॉक में लगीं स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। अंधेरा होने के कारण महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बाद भी अब तक लाइटें ठीक नहीं की गई हैं। लोगों का कहना है कि पार्क में अंधेरा होने के कारण असामाजिक तत्व बैठते हैं, जिस कारण लोगों का परिवार के साथ बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि ब्लॉक में रोजाना सफाई के लिए कोई कर्मचारी नहीं आता, इस कारण यहां पर जगह-जगह गंदगी फैली रहती है। ब्लॉक में सीवरेज व्यवस्था की कमी है। ब्लॉक में सुरक्षा व्यवस्था की भी कमी है। यहां पर ट्रांसफॉर्मर की फेंसिंग नहीं की गई है, वहां आसपास बच्चे खेलते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने घर के बाहर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे रास्ते संकरे होने से आवाजाही में दिक्कत होती है। लोगों का कहना है कि इन समस्याओं के संबंध में नगर निगम के अधिकारी और इलाके के पार्षद को बताया गया, लेकिन अब तक सुधार नहीं हुआ है। एनबीटी की ओर से आयोजित संवाद में लोगों ने पार्क की बदहाल स्थिति, खराब स्ट्रीट लाइट, सीवरेज और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।

‘शिकायत करने के बाद भी नहीं होती है कार्रवाई’

ब्लॉक का पार्क बदहाल है। यहां न तो सफाई होती है और न हरियाली बची है। रात के समय अंधेरा रहने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे परिवार के साथ बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

लक्ष्मी खत्री

क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। अंधेरे के कारण महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

सलोचना बहल

सीवरेज व्यवस्था चरमराई हुई है। जगह-जगह गंदा पानी जमा रहता है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बना रहता है। प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा, जिससे हालात दिन-प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं।

वर्षा

ब्लॉक में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते। कूड़ा इधर-उधर फैला रहता है, जिससे गंदगी का अंबार लग गया है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

हर्ष वर्धन

ट्रांसफॉर्मर की फेंसिंग न होने से बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है। आसपास बच्चे खेलते हैं, जिससे चिंता और बढ़ जाती है। बिजली विभाग को कई बार सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

श्याम बाबू

बिजली के खंभों पर लटकते तार पेड़ों से टकराते हैं, जिससे करंट आने का डर बना रहता है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए ताकि कोई दुर्घटना न हो।

विनोद शर्मा

क्षेत्र में आवारा पशु और स्ट्रीट डॉग्स का आतंक बढ़ता जा रहा है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार संबंधित विभाग को जानकारी दी गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है।

गुशन

घरों के बाहर अतिक्रमण के कारण रास्ते संकरे हो गए हैं। इससे आने-जाने में परेशानी होती है और आपात स्थिति में दिक्कत बढ़ सकती है। प्रशासन को जल्द कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाना चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

जितेंद्र शर्मा

रेकमेंडेड खबरें