n NBT न्यूज, नोएडा : तीन युवकों ने एक किशोर को मामूरा के एक पीजी में शनिवार देर रात डंडे से बुरी तरह पीटा। आरोपियों ने किशोर के कपड़े भी उतरवाए। करीब 10 मिनट तक पीटने के बाद दोस्तों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामूरा गांव रहने वाला किशोर 11वीं कक्षा में पढ़ता है। वह पड़ोस के पीजी में काम भी करता है। उसके एक दोस्त का शनिवार को जन्मदिन था। उसने अपने चार दोस्तों के साथ पीजी में जन्मदिन मनाया। वह पीजी में रात करीब तीन बजे आराम कर रहा था, जबकि तीन दोस्त चाैथे दोस्त को गांव छोड़ने चले गए थे। इसी बीच मामूरा के विनेश, वंश, कृष्णा गलत इरादे से पीजी में आ धमके। किशोर ने टोका तो दो युवकों ने उसे गैस के पाइप और डंडे से पीटना शुरू कर दिया। सिर व कान के पास डंडे लगने से किशोर लहूलुहान हो गया। डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित के दोस्त की शिकायत पर तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।


