घटिया ईंट से HRF स्टोर निर्माण का आरोप, जांच

नवभारतटाइम्स.कॉम

केजीएमयू के शताब्दी परिसर में एचआरएफ स्टोर के निर्माण में घटिया ईंटों के इस्तेमाल का आरोप लगा है। एक वायरल वीडियो में पीली ईंटों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। वीडियो में ईंटें आसानी से टूटती दिख रही हैं। संस्थान के इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत से यह काम हो रहा है।

allegations of hrf store construction with substandard bricks investigation begins at kgmu

n NBT न्यूज, लखनऊ : केजीएमयू के शताब्दी परिसर में एचआरएफ स्टोर के निर्माण में लापरवाही का आरोप लगा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इंजिनियर और ठेकेदार की कथित मिलीभगत से आधे से ज्यादा काम पूरा भी हो चुका है, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

 रविवार को इस निर्माण कार्य से जुड़ा विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पीली ईंटों को दिखा रहा है। विडियो में यह भी देखा जा सकता है कि ईंटें आपस में टकराने पर आसानी से टूट जा रही हैं, जिससे उनकी मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यही ईंटें निर्माण स्थल के पास खुले में रखी गई हैं और उसी का उपयोग निर्माण में किया जा रहा है। NBT इस विडियो की पुष्टी नहीं करता है।

 यह निर्माण कार्य शताब्दी भवन के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में एचआरएफ स्टोर के लिए चल रहा है। वायरल विडियो के सामने आने के बाद संस्थान के इंजिनियर और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

 इस पूरे मामले पर केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि वायरल विडियो की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित इंजिनियर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

रेकमेंडेड खबरें