अटल नगर योजना में किस्तें हुईं आसान, पूरे होंगे फ्लैट के अरमान

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ में अटल नगर योजना अब आम लोगों के लिए और भी किफायती हो गई है। अब आप 10 साल की आसान किस्तों में फ्लैट खरीद सकते हैं। ब्याज दर भी 9% से घटकर 7% हो गई है। इससे 1 बीएचके फ्लैट की मासिक किस्त लगभग 4,000 रुपये कम हो जाएगी।

atal nagar yojana now buy flats on 10 year easy installments and lower interest rate

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : अफोर्डेबल हाउसिंग योजना अटल नगर को अब और अधिक बजट फ्रेंडली बनाया गया है। आम लोग यहां 10 वर्ष की आसान किश्तों में फ्लैट ले सकेंगे, वो भी पहले से कम ब्याज दर पर। एलडीए वीसी ने एक आवेदक की मांग पर इस बड़ी राहत की घोषणा की है। छूट संबंधी ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि देवपुर पारा स्थित अटल नगर योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं। 30 वर्ग मीटर से लेकर 54.95 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के इन फ्लैटों की कीमत लगभग 9.83 लाख रुपये से शुरू होती है। यहां अधिकतर फ्लैटों का लॉटरी से आवंटन किया जा चुका है। 630 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से 17 मई, 2026 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया है। इसमें 1 बीएचके के 539 और 2 बीचके के 91 फ्लैट शामिल हैं। वीसी ने बताया कि पुरानी व्यवस्था के तहत किश्तों का विकल्प चुनने वाले आवंटियों को 7 वर्ष की 84 किश्तों में भुगतान करना होता था, वो भी 9% की वार्षिक ब्याज दर पर। इससे 1 बीएचके के फ्लैट की मासिक किश्त लगभग 15,000 रुपये बनती थी। लोगों की मांग पर इसकी समीक्षा की गई और छूट का प्रावधान किया गया।

मिलेगा छूट का लाभ

नई व्यवस्था के तहत अब लोगों को 7 वर्ष की जगह 10 वर्ष की 120 आसान किश्तों में भुगतान का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा ब्याज दर में भी 2% की छूट दी गई है। जिससे 9% की जगह 7% की वार्षिक ब्याज दर से ईएमआई बनेगी। इससे 1 बीएचके के फ्लैट की मासिक किश्त लगभग 10,767 रुपये बनेगी, जोकि पहले की तुलना में लगभग 4,000 रुपये कम होगी।

लिफ्ट की सुविधा

वीसी ने बताया कि अटल नगर में स्वच्छ जल एवं बिजली आपूर्ति, लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन व किड्स प्ले एरिया व पार्किंग की सुविधा दी गई है। 1 बीएचके के फ्लैट के लिए 55,658 रुपये और 2 बीएचके के फ्लैट के लिए 1,00852 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया गया है, जोकि आवंटन न होने की दिशा में आवेदक को वापस कर दिया जाएगा।