स्कूटी चला रहे दोस्त को पीछे बैठे दोस्त ने मारा चाकू, मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम

मुखर्जी नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्कूटी पर पीछे बैठे एक नाबालिग दोस्त ने आगे बैठे अमान (19) पर चाकू से हमला कर दिया। अमान की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बहन पर अश्लील टिप्पणी का आरोप लगाया है।

friend sitting behind on scooter kills friend minor argument becomes reason

nNBT न्यूज, नई दिल्ली

मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह स्कूटी में पीछे बैठे नाबालिग ने स्कूटी चला रहे अपने दोस्त अमान(19) को पीछे से चाकू मार दिया। चाकू लगते ही अमान ने जैसे ही स्कूटी रोकी, आरोपी फरार हो गया। करीब आधे घंटे तक घायल सड़क किनारे तड़पता रहा। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान तीन घंटे बाद अमान ने दम तोड़ दिया। पीड़ित परिवार के बयान पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी का कहना है कि अमान उसकी बहन पर अश्लील कमेंट करता था, इस वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक अमान परिवार के साथ अशोक विहार स्थित संगम पार्क में रहते थे। बुराड़ी स्थित संगम विहार में एक मीट शॉप पर काम करते थे। अमान के भाई रहमान ने बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे अमान घर से अपने दोस्त के साथ निकला था। करीब आधे घंटे के बाद उन्हें किसी ने जानकारी दी कि उनके भाई को किसी ने चाकू मार दिया है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि हालत गंभीर है, बाद में डॉक्टर ने भाई को मृत घोषित कर दिया। पीछे बैठे आरोपी ने अमान पर चाकू से 6 हमले किए। काफी खून बहने के कारण अमान की मौत हो गई।

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी ने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया। इसकी जानकारी उनके पास नहीं है। वह रोजाना एक साथ ड्यूटी पर जाते और आते थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी ने पूरे प्लान के साथ वारदात को अंजाम दिया है। वह पहले से ही चाकू अपने साथ लेकर गया था। चलती स्कूटी में पीछे से हमला किया है।