n NBT न्यूज़, लखनऊ: राजधानी के बिजली विभाग में भ्रष्टाचार और लापरवाही के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की गई है। चिनहट में एक निजी बिल्डर को फायदा पहुंचाने पर एक जेई और संविदाकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, सरोजनीनगर इलाके में 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में एक अन्य जेई पर भी निलंबन की गाज गिरी है।
चिनहट के शिवपुरी उपकेंद्र इलाके में एक निजी बिल्डर को लाभ पहुंचाने के लिए बिना एस्टीमेट 11 केवी हाईटेंशन (HT) लाइन शिफ्ट करने का फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस मामले में जेई वरुण पटेल और संविदाकर्मी मधुर सेन को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एई अरविंद कुमार को नोटिस जारी किया गया है। गोमतीनगर जोन के चीफ इंजिनियर सुशील कुमार गर्ग ने बताया कि एक शिकायत के आधार पर जांच करवाई गई थी। आगे की कार्रवाई के लिए मध्यांचल एमडी को पत्र लिखा गया है।
वहीं, रिश्वत मांगने के आरोप में जेई विनय कुमार को सोमवार शाम निलंबित कर दिया गया। जांच कमिटी को वायरल विडियो के आधार पर प्रारंभिक जांच में आरोप सही मिले हैं। अमौसी जोन के एसई तकनीक ब्रह्मपाल ने आरोपित जेई विनय को निलंबित कर दिया। मामला गहरू उपकेंद्र से जुड़ा है। आरोप है कि भटगांव क्षेत्र के रानीपुर में बन रहे रो हाउस के अस्थायी कनेक्शन के लिए जेई ने करीब 3 लाख रुपये का एस्टीमेट बताया और काम जल्द कराने के नाम पर अतिरिक्त 2 लाख रुपये की मांग की।


