n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : राजधानी के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में सांसद दिनेश शर्मा ने NHAI के अफसरों को अनुपस्थित पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अन्य विभागों के अफसरों को भी फटकार लगी।
विकास भवन में सोमवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता दिनेश शर्मा ने की। मेयर सुषमा खर्कवाल के अलावा विधायक योगेश शुक्ला व अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में ही NHAI के अधिकारियों के नदारद रहने पर डॉ. शर्मा ने नाराजगी जताई। सांसद ने डीएम को निर्देश दिया कि अनुपस्थित अधिकारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाए।
शिक्षा और RTE में फर्जीवाड़े पर सख्ती
डॉ. शर्मा ने RTE (शिक्षा का अधिकार) के तहत निजी स्कूलों में हो रहे फर्जीवाड़े के मामलों को गंभीरता से लिया। उन्होंने BSA को निर्देश दिए कि वे निजी स्कूलों की मनमानी और फर्जी दाखिलों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त चेकिंग अभियान चलाएं।
सुस्त रफ्तार और जर्जर सड़कों पर फटकार : डॉ शर्मा ने जल निगम के अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सड़क खोदकर छोड़ देना जनता के लिए मुसीबत बन रहा है। 'हर घर जल' योजना की गति भी धीमी पाई गई।


