NBT न्यूज, करनाल: करनाल के नैशनल हाइवे पर तरावड़ी टी-पॉइंट के पास रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में दो मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहा पिकअप अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया। जानकारी के मुताबिक, ट्रक करनाल से चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। पिकअप उसके पीछे चल रहा था, जिसमें 20-25 मजदूर, महिलाएं और बच्चे सवार थे। सभी लोग उत्तर प्रदेश के बदायूं से पंजाब के होशियारपुर काम के लिए जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी तरावड़ी टी-पॉइंट के पास पहुंची, ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रहा पिकअप संतुलन खो बैठा और ट्रक की साइड में जा घुसा।


