n NBT न्यूज, होडल
करमन बॉर्डर स्थित टोल प्लाजा पर ट्रक चालक को लिफ्ट के बहाने रोककर बेरहमी से मारपीट, बंधक बनाने और ट्रक सहित नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच के दौरान सामने आया कि यह गैंग दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने मामले के मास्टरमाइंड वसीम को गिरफ्तार कर लिया है तथा लूटा गया ट्रक और उसमें भरा लाखों रुपये का जेसीबी कंपनी का माल भी बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस आरोपी साद व इरसाद को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि नूंह जिले के गांव रवा निवासी ट्रक चालक मोहम्मद जैद ने शिकायत दी थी कि 7 मई की रात करीब आठ बजे वह कोसीकलां से ट्रक लेकर आ रहा था। करमन टोल प्लाजा के पास तीन युवकों वसीम, इरशाद निवासी खेड़ी कंकर और साद निवासी फरदड़ी ने होडल जाने के लिए उससे लिफ्ट मांगी। चालक ने तीनों को बैठा लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। ट्रक में रखे करीब 20 हजार रुपये लूट लिए और वाहन को नूंह रोड की तरफ ले गए। रास्ते में उटावड़ के आगे एक होटल पर आरोपी रुके तो चालक किसी तरह भाग निकला।
रिमांड में खुला एक और हत्या का राज : पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 5-6 मई की रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव खेड़ी कंकर के पास एक और वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने ट्रक कंटेनर में सो रहे चालक समीम हसन की हत्या कर ट्रक लूट लिया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने गैंग के मास्टरमाइंड वसीम को भी गिरफ्तार कर लिया।

