n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
नया वेतनमान लागू करने और बढ़ी हुई सैलरी देने की मांग को लेकर मंगलवार को सेक्टर-6ए, सेक्टर-31 और सेक्टर-58 स्थित कंपनियों के बाहर श्रमिकों ने प्रदर्शन किया। सुबह करीब आठ बजे से बड़ी संख्या में श्रमिक कंपनी गेट के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करते हुए प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन में महिला श्रमिक भी शामिल रहीं। श्रमिकों का आरोप है कि सरकार की ओर से नए वेज लागू होने के बावजूद कंपनियां पुराने वेतन के हिसाब से भुगतान कर रही हैं। उनका कहना था कि मई माह से बढ़ी हुई सैलरी मिलनी चाहिए थी, लेकिन कंपनियों ने वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की। कई श्रमिकों ने आरोप लगाया कि वे ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे थे, लेकिन हाल ही में कंपनी ने अचानक ठेका समाप्त कर दिया। इसके बाद अब कंपनी प्रबंधन बढ़े हुए वेतन से साफ इनकार कर रहा है। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि कई वर्षों से उन्हें तय मानकों के अनुसार वेतन नहीं मिला। कुछ श्रमिकों ने ईएसआई और पीएफ जैसी सुविधाएं नहीं मिलने की शिकायत भी की। उनका कहना था कि वर्षों तक काम कराने के बावजूद न तो सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया गया और न ही रेकॉर्ड पारदर्शी रखा गया। महिला श्रमिक कविता और रोशनी ने बताया कि उन्हें हर महीने केवल 12 से 13 हजार रुपये वेतन मिल रहा है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन वेतन में बढ़ोतरी नहीं हो रही। साथ ही उनसे रोजाना 10 से 12 घंटे तक काम कराया जाता है। श्रमिकों का कहना था कि लंबे समय तक काम कराने के बावजूद उन्हें ओवरटाइम का उचित भुगतान भी नहीं दिया जाता। श्रमिकों ने मांग की कि नए वेज तुरंत लागू किए जाएं, बकाया अंतर राशि का भुगतान किया जाए और ईएसआई-पीएफ की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

