n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
दिल्ली में आतंकी हमले की आशंका को लेकर जारी अलर्ट के बाद रेलवे सुरक्षा बल भी पूरी तरह सतर्क हो गई है। दिल्ली से होकर गुजरने वाले सभी प्रमुख रेलवे मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से फरीदाबाद रेलवे रूट को संवेदनशील मानते हुए यहां निगरानी बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे ट्रैक पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। इस रूट से रोजाना गतिमान एक्सप्रेस, वंदेभारत, शताब्दी समेत मुंबई और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनें आती जाती हैं। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार फरीदाबाद, बल्लभगढ़, न्यू टाउन से लेकर पलवल रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त निगरानी की जा रही है। प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, पार्किंग एरिया, वेटिंग हॉल और रेलवे ट्रैक के आसपास चौकसी बढ़ाई गई है। यात्रियों के सामान की भी जांच कराई जा रही है। स्टेशन परिसर में डॉग स्कॉवड टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके।
यात्रियों से भी मदद की अपील : दिल्ली डिविजन के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों के कारण ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ी हुई है। इसलिए यात्रियों से भी सहयोग की अपील की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से कहा है कि किसी भी लावारिस बैग, संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत रेलवे पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।

