NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अलग-अलग विभागों की विकास परियोजनाओं और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी वाले गुड़गांव में जल संरक्षण और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के कदम उठाए जाएं। बरसाती और ट्रीटेड वॉटर के रियूज को बढ़ाने के साथ-साथ भू-जल रिचार्ज के लिए भी गंभीरता से काम करने की जरूरत है। एंबियंस मॉल के पास बरसाती नालों और सड़क पर कब्जे को लेकर कमिटी के जरिये जांच करने के निर्देश दिए।
बैठक में GMDA CEO पीसी मीणा ने बताया कि एसपीआर पर नई ड्रेन लाइन का निर्माण 15 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। नरसिंहपुर में बनाई जा रही पक्की ड्रेन की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई। फरीदाबाद राेड पर बढ़ रहे कंस्ट्रक्शन वेस्ट पर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि कंस्ट्रक्शन वेस्ट के मामलों में अब तक करीब 2 करोड़ रुपये के चालान किए जा चुके हैं, करीब डेढ़ करोड़ रुपये की रिकवरी भी हो चुकी है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने समीक्षा के दौरान सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव का मुद्दा उठाया। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर जमा लीगेसी वेस्ट को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भू-जल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 15 अगस्त तक पूरा कर आमजन को समर्पित कर दिया जाएगा। बैठक में मानेसर में निर्माणाधीन राजकीय कॉलेज परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कॉलेज भवन का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। डीसी उत्तम सिंह, मेयर राज रानी मल्होत्रा, मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत, नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, मानेसर निगम कमिश्नर प्रदीप सिंह, जीएमसीबीएल के सीईओ विश्वजीत चौधरी आदि मौजूद रहे।

