जनगणना प्रशिक्षण में हुए गैरहाज़िर तो होगी कार्रवाई

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा में जनगणना प्रशिक्षण में गैरहाजिर रहने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। यह पहली डिजिटल जनगणना है, जिसमें लोग ऐप के माध्यम से स्वगणना कर सकेंगे। मकानों की गणना 22 मई से 21 जून तक होगी। इसके बाद 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक आबादी की गिनती की जाएगी। जहां आप रह रहे हैं, वहीं आपकी गणना होगी।

action will be taken for absence in census training noida authority

n NBT रिपोर्ट, नोएडा

शहर में जारी जनगणना को लेकर नोएडा अथॉरिटी की एसीईओ वंदना त्रिपाठी की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक करने के साथ स्व जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इसमें जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। बैठक में जनगणना 2027 के नियम बताए गए हैं। इसमें स्वगणना पर जोर और निवास स्थान के आधार पर गिनती की बात कही गई है। किरायेदारों की गणना मकान मालिक से अलग होगी और यह पहली डिजिटल जनगणना होगी। लगभग डेढ़ दशक बाद जनगणना हो रही है। 7 मई से स्वगणना शुरू हो गई है जो 21 मई तक होगी। इसमें ऐप के माध्यम से लोग अपनी गणना खुद कर सकेंगे। समीक्षा बैठक के बाद एसीईओ ने कहा कि दो चरणों में होने वाली जनगणना के पहले चरण चक्र में 22 मई से 21 जून तक मकानों की गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण की जनगणना में आबादी की गिनती होगी, जो नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी। उन्होंने कहा कि इस समय प्रगणकों का प्रशिक्षण चल रहा है, जो इसमें अनुपस्थित हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अथॉरिटी की ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह व मैनेजर दीपक कुमार ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग स्वगणना करें। इसमें सबसे महत्वपूर्ण यह है कि यदि दो स्थानों पर निवास है, जैसे गांव शहर में, तो जहां पर मौजूदा समय में रह रहे हैं, वहां पर ही जनगणना होगी। इसी तरह माता-पिता अथवा भाई (छोटा या बड़ा) गांव में रहते हैं और नौकरी करने के लिए कोई शहर में परिवार के साथ रहता है तो गांव में निवास कर रहे परिवार की गणना वहां से ही होगी, जबकि शहर में रहने वाले परिवार की गणना उसी निवास पर होगी। शहर में कोई व्यक्ति अकेले रहता है और उसका पूरा परिवार (माता-पिता, पत्नी-बच्चे) गांव में रहता है तो शहर में रहने वाले सदस्य को अपनी गणना गांव में करानी चाहिए।