n NBT रिपोर्ट, ग्रेनो : लखनावली गांव के पास स्थित अस्थायी डंपिंग ग्राउंड पर जमा कचरे का ढेर तीन माह में खत्म हो जाएगा। अभी बचे दो लाख टन पुराने कचरे को मैसर्स भूमि ग्रीन एनर्जी एनवायरोकेयर एलएलपी कंपनी निपटा रही है। कचरा हटने के बाद यहां पार्क विकसित किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा में घरों और फैक्टयिों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को लखनावली के समीप पड़ी खाली करीब 20 एकड़ जमीन पर पिछले कई साल से फेंका जा रहा था। देखते ही देखते यहां चार लाख मीट्रिक टन कचरा जमा हो गया था। इसे हटाने के लिए एनजीटी ने भी सख्ती दिखाई। सीनियर मैनेजर सन्नी यादव ने बताया कि मौके पर बचे 2 लाख टन कचरे को तीन माह में निस्तारित कर दिया जाएगा। इसके अलावा रोजाना निकलने वाले कचरे को निस्तारित करने के लिए लखनावली में ही 800 टीपीडी क्षमता का प्लांट लगाया जा रहा है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि लखनावली में पड़े पुराने कचरे को निस्तारित किया जा रहा है।


