घरेलू विवाद में खूनी हमला, पत्नी समेत तीन को मारा चाकू

नवभारतटाइम्स.कॉम

बल्लभगढ़ के डीग-प्रह्लादपुर गांव में गुरुवार रात घरेलू कलह खूनी संघर्ष में बदल गई। ससुराल पहुंचे पंकज ने अपनी पत्नी अंजू, साले हरेंद्र और ससुर सुरेश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अंजू और हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पिता सुरेश भी जख्मी हुए हैं। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

bloody attack in domestic dispute husband brutally attacks wife brother in law and father in law with a knife wife in critical condition

n NBT न्यूज, बल्लभगढ़

सदर थाना क्षेत्र के डीग-प्रह्लादपुर गांव में गुरुवार रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ससुराल पहुंचे युवक ने पत्नी, साले और ससुर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पत्नी अंजू और उसका भाई हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पिता सुरेश भी जख्मी हुए हैं। घायलों को सेक्टर-8 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अंजू की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, अंजू की शादी वर्ष 2020 में ग्रेटर नोएडा के मिर्जापुर निवासी पंकज से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि पंकज शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था। परेशान होकर अंजू ने उसके खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था और वह मायके में रह रही थी। इसी बीच गुरुवार रात पंकज अचानक कार से ससुराल पहुंच गया। उस समय अंजू घर की सीढ़ियों से नीचे उतर रही थी। आरोप है कि पंकज ने उसे देखते ही चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अंजू की चीख सुनकर उसका भाई हरेंद्र बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन आरोपी ने उस पर भी कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने आए पिता सुरेश को भी नहीं छोड़ा गया और उन पर भी हमला किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आरोपी को काबू कर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आते ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घायलों को तुरंत सेक्टर-8 के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, अंजू की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि अंजू और पंकज के दो बच्चे हैं। बेटा पिता के पास रहता है, जबकि बेटी अंजू के साथ मायके में है। शोर सुनकर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।