सर्वे से जांच रहे कैंसर का कारण तो नहीं बन रहा कचरे का पहाड़

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के बंधवाड़ी लैंडफिल से उठते धुएं और बदबू के बीच अब लोगों के स्वास्थ्य की जांच हो रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बंधवाड़ी, घाटा और ग्वाल पहाड़ी इलाकों में घर-घर जाकर सर्वे शुरू किया है। आशा वर्कर लोगों की मेडिकल हिस्ट्री और बीमारियों की जानकारी जुटा रही हैं।

cancer risk from garbage mountain health department starts major survey

n NBT न्यूज, गुड़गांव

बंधवाड़ी लैंडफिल से उठते जहरीले धुएं, बदबू और रिसते लीचेट के बीच अब साइट के आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर इसके असर को जांचने के लिए सर्वे शुरू किया है। बरसों से कैंसर और दूसरी गंभीर बीमारियों के बढ़ते मामलों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बंधवाड़ी, घाटा और ग्वाल पहाड़ी इलाके में बड़े स्तर पर डोर-टू-डोर सर्वे शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की आशा वर्कर घर-घर जाकर लोगों की मेडिकल हिस्ट्री, कैंसर, सांस संबंधी बीमारियों, त्वचा रोग और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं।

सर्वे पूरा होने के बाद इन इलाकों के स्वास्थ्य आंकड़ों की तुलना दौलताबाद क्षेत्र के डेटा से की जाएगी जिससे यह पता लगाया जा सके कि लैंडफिल साइट के आसपास रहने वाले लोग प्रभावित तो नहीं हो रहे। स्वास्थ्य विभाग इस सर्वे के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि लैंडफिल साइट के आसपास रहने वाले लोगों में कैंसर और अन्य बीमारियों का अनुपात सामान्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक तो नहीं है। रिपोर्ट को प्रशासन और सरकार स्तर पर भी देखा जाएगा। मामलों में असामान्य बढ़ोतरी पर स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े बड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

दौलताबाद के डेटा से करेंगे आंकड़ों की तुलना : CMO डॉ. लोकवीर सिंह ने बताया कि सर्वे के दायरे में बंधवाड़ी, घाटा और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र को शामिल किया गया है। आशा वर्कर डोर-टू-डोर जाकर लोगों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटा रही हैं। सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी। इलाके के आंकड़ों की तुलना दौलताबाद के डेटा से कर स्थिति का आकलन किया जाएगा। नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि बंधवाड़ी प्लांट और उससे निकलने वाले लीचेट को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री को निगम की ओर से रिपोर्ट सौंप दी गई है। कैंसर या गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के सर्वे को लेकर स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है।

अंडर ग्राउंड वॉटर की भी होगी जांच : हाल ही में हुई बैठक के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने बंधवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के भूजल की जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि लैंडफिल से निकलने वाला लीचेट जमीन के भीतर पहुंचकर पानी को दूषित कर रहा है। अब स्वास्थ्य सर्वे के साथ-साथ ग्राउंड वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। ग्राउंड वॉटर लेवल बढ़ाने और पानी के प्रदूषण को खत्म करने के लिए भी कदम उठाए जा सकते हैं।