n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सेक्टर-21ए स्थित एक मकान में चोरी का मामला सामने आया है। परिवार के मनाली घूमने जाने के दौरान अज्ञात चोर घर में घुसकर तिजोरी समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और गैस सिलिंडर चोरी कर ले गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान की देखभाल करने पहुंचे परिचित ने घर का पिछला दरवाजा टूटा देखा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पवन बैहल ने बताया कि वह मूलरूप से निजामुद्दीन ईस्ट, नई दिल्ली के निवासी हैं और वर्तमान में सेक्टर-21ए फरीदाबाद में रहते हैं। 25 अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ मनाली घूमने गए थे। घर से निकलते समय उसने मकान को अच्छी तरह लॉक किया था। मकान की देखभाल के लिए उसने मुख्य गेट की चाबी अपने नौकर धन बहादुर के परिचित पदम प्रसाद को दी थी, जो समय-समय पर घर देखने आता रहता था। शिकायतकर्ता के अनुसार 10 मई को पदम प्रसाद घर की देखभाल करने पहुंचा तो उसने देखा कि मकान के पिछले दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। उसने तुरंत पवन बैहल को विडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। विडियो कॉल के दौरान घर के अंदर स्टोर रूम में रखी लोहे की तिजोरी गायब मिली। पवन बैहल 11 मई को फरीदाबाद पहुंचे तो इस मामले की सूचना पुलिस को दी और केस दर्ज कराया।


