n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
नगर निगम कमिश्नर व प्रधान जनगणना अधिकारी प्रदीप दहिया ने शुक्रवार को जनगणना कार्य की समीक्षा की। बैठक में जनगणना की प्रगति, फील्ड स्तर पर चल रहे सर्वेक्षण, कर्मचारियों की उपस्थिति पर चर्चा की गई। कमिश्नर ने कहा कि जिन अधिकारियों ने अब तक जनगणना कार्य शुरू नहीं किया या काम में लापरवाही बरत रहे हैं उनपर सख्त कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारियों को ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज करवाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान कमिश्नर ने कहा कि जनगणना में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सभी जॉइंट कमिश्नर को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने इलाकों में नियमित निरीक्षण करें और फील्ड में जनगणना कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। बैठक में अडिशनल कमिश्नर अंकिता चौधरी, पूजा चांवरिया व डॉ. जयवीर यादव, जॉइंट कमिश्नर डॉ. नरेश कुमार व रविंद्र मलिक, जेडटीओ पंकज कुमार, राजेश यादव, बीएस छोकर व दिनेश कुमार सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।


