nNBT न्यूज, लखनऊ : उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अयोध्या रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को राजधानी के प्लास्टिक उत्पाद क्षेत्र से जुड़े उद्योगपतियों व व्यापारियों की बैठक हुई। व्यापारियों ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के सामने प्लास्टिक कारोबार से जुड़ी नगर निगम और बिजली विभाग की समस्याओं को उठाया।
समस्याओं के जल्द समाधान और संगठन को मजबूती देने के लिए बैठक में सर्वसम्मति से ‘उत्तर प्रदेश आदर्श प्लास्टिक व्यापार मंडल’ की एक प्रभारी कमिटी का गठन किया गया। कमिटी में भगवान दास, जितेंद्र धनवानी, राहुल कनौजिया और मोहम्मद ग्यास को सदस्य के रूप में चुना गया है। संजय गुप्ता ने सभी व्यवसायियों को भरोसा दिलाया कि संगठन उनके लिए हमेशा खड़ा है। जल्द ही व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल महापौर, नगर आयुक्त और बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात करेगा।


