n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: भारत महिलाओं को सर्वोच्च सम्मान देने वाली संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। भारतीय परंपरा में महिलाओं को ऊर्जा का स्रोत माना गया है और इसकी झलक नवरात्र जैसे पर्वों में देखने को मिलती है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने महिलाओं को समाज में उचित सम्मान और स्थान दिलाने का कार्य किया है। ये बातें शुक्रवार को राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहीं। वे गोमतीनगर स्थित एक होटल में फिक्की फ्लो की ओर से आयोजित 'भारत का मन, तन और आत्मा' विषय पर परिचर्चा में बोल रहे थे।
सुधांशु त्रिवेदी ने ये भी कहा कि डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में भारत आज विश्व में पहले स्थान पर है। भारत केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से भी विश्व में एक नई पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी संस्कृति, पारिवारिक मूल्य और जीवन के प्रति समग्र दृष्टिकोण में निहित है। इस दौरान अपोलो मेडिक्स हॉस्पिटल्स के एमडी व सीईओ डॉ. मयंक सोमानी ने निवारक स्वास्थ्य देखभाल (प्रिवेंटिव हेल्थकेयर) के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों को संतुलित जीवन अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम में फिक्की फ्लो लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी, ज्योति दीवान, आरुषि टंडन, स्वाति वर्मा, विभा अग्रवाल मौजूद रहीं।


