n NBT न्यूज, लखनऊ : समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले नवजात शिशुओं को एक बार में कम से कम दो घंटे तक केएमसी ( कंगारू मदर केयर ) देना चाहिए और इसे रात में भी जारी रखना चाहिए। केएमसी एक विशेष देखभाल पद्धति है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से 2.5 किलोग्राम से कम वजन और समय से पहले जन्मे शिशुओं के लिए किया जाता है। इसमें बच्चे को मां या पिता के सीने से त्वचा से त्वचा के सीधे संपर्क में रखा जाता है। ठीक वैसे ही जैसे कंगारू अपने बच्चे को अपने थैले में रखता है, इसलिए इसे कंगारू मदर केयर कहा जाता है। यह जानकारी बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान खान ने दी। शुक्रवार को वीरांगना अवंतिबाई महिला जिला अस्पताल में इंटरनेशनल कंगारू मदर केयर दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
केएमसी और मां के दूध से बढ़ा वजन: कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी रेखा ने बताया कि उनकी बच्ची सातवें माह में जन्मी थी और जन्म के समय उसका वजन केवल 1100 ग्राम था। चिकित्सकों के मार्गदर्शन में नियमित केएमसी और मां का दूध देने से बच्ची का वजन बढ़कर 1500 ग्राम हो गया है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ज्योति मल्होत्रा ने बताया कि अस्पताल में 9 बेड का समर्पित केएमसी वाॅर्ड संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. फैजान, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग विद्यार्थी, स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।


