n NBT न्यूज, नूंह : फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव कुलगांव के पास सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के भोपाल के रहने वाले एक यूट्यूबर की मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला समेत 2 लोग घायल हो गए। तीनों सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर भोपाल से लद्दाख विडियो शूट करने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार सामने खड़े एक कंटेनर से टकरा गई। पुलिस ने मृतक के दोस्त की शिकायत पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नवदीप सिंह ने बताया कि भोपाल निवासी अंकित जॉनी गायकवाड़ (25) और रायसेन मध्य प्रदेश की रहने वाली भूमिका जैन भोपाल से लद्दाख जा रहे थे। अंकित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर थे और विडियो बनाने का काम करते थे। वह विडियो शूट करने के लिए ही लद्दाख जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जब उनकी गाड़ी दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुलगांव के पास पहुंची तो सामने चल रहे एक कंटेनर के चालक ने अचानक गाड़ी को साइड में लेकर ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान नवदीप सिंह से अपनी कार को काबू नहीं कर पाए और कंडक्टर साइड से उनकी कार कंटेनर में जा घुसी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और साइड में बैठे अंकित उसमें बुरी तरह से फंस गए। उनकी दबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठी भूमिका और कार चला रहे नवदीप सिंह को भी चोटें आई हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

