NBT न्यूज, पलवल : जाट धर्मशाला में प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शनिवार को चौपाई महामेला की शुरुआत की। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल मंत्री गौरव गौतम मौजूद रहे। इस महामेला में 35 से ज्यादा पार्टियां शामिल हुईं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने जिकरी, पटका, रसिया, ठुमरी, ताल, तुकबंदी राग प्रस्तुत किया। रविवार को इस कार्यक्रम का समापन होगा और विजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
जाट समाज विकास समिति की तरफ से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि ब्रज क्षेत्र की इस कला को इस प्रकार के कार्यक्रम पुनर्जीवित करने का काम करते हैं। उन्होंने जाट धर्मशाला में हाईटेक लाइब्रेरी और 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं खेल मंत्री गौरव गौतम ने 21 लाख रुपये और नगर परिषद क्षेत्र में दादा कान्हा रावत की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। सभी चौपाई पार्टियों को 21-21 सौ रुपये देने का भी आश्वासन दिया। चौपाई महामेला में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि चौपाई हरियाणा की प्राचीन संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवित रखने वाला कार्यक्रम है। इस दौरान पूर्व विधायक दीपक मंगला, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया व अन्य मौजूद रहे।

