तेज़ रफ्तार SUV पलटकर खेत में गिरी, ढाई साल की बच्ची की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ढाई साल की एक बच्ची की मौत हो गई। गाड़ी में सवार परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

delhi mumbai expressway horrific accident speeding suv overturns 25 year old girl dies 5 injured

n NBT न्यूज, नूंह

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जयसिंहपुर चौकी क्षेत्र में उजीना कट के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर कई बार पलटते हुए सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से ढाई साल की एक बच्ची की मौत हो गई। आसपास के लोगों और राहगीरों ने गाड़ी को सीधा किया और घायलों को गाड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि हादसा ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हुआ।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी एक परिवार स्कॉर्पियो गाड़ी से मुंबई से दिल्ली अपने घर लौट रहा था। वाहन में ड्राइवर समेत कुल 6 लोग सवार थे। जैसे ही गाड़ी उजीना कट पार कर जयसिंहपुर चौकी एरिया में पहुंची तभी ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे वह कार से नियंत्रण खो बैठा। इससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई और कई पलटियां खाते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ढाई साल की बच्ची दीपिका की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में साक्षी अग्रवाल पत्नी निशांत गुप्ता, युवान ठाकुर, प्रशांत ठाकुर, निशांत गुप्ता और अवनीति पत्नी प्रशांत ठाकुर निवासी जनकपुरी शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों को कार से निकालकर ऐम्बुलेंस से अस्पताल भेजा : हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ देर बाद ऐम्बुलेंस आने पर सभी घायलों को को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।