n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : तिगांव क्षेत्र स्थित भुआपुर गांव के सरकारी स्कूल में रोटरी क्लब फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत स्कूल को करीब 7 लाख रुपये की सहायता दी गई, जिससे छात्रों के लिए कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसमें आधुनिक टॉइलेट, कंप्यूटर लैब, माइक-स्पीकर सिस्टम, छात्रों के लिए शूज, कॉपियां और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री शामिल हैं। इन सुविधाओं से अब बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में सरपंच गिरधारी, रोटरी क्लब के डीजी धीरज भूटानी, विनय रस्तोगी, महेंद्र सराफ, एचके गोयल, नवीन गुप्ता, शैलेंद्र पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता समरवीर आर्य और विद्यासागर इंटरनैशनल स्कूल के डायरेक्टर दीपक यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। रोटरी क्लब के प्रेजिडेंट सौरभ मित्तल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है। स्कूल के प्रिंसिपल कृष्ण कुमार और ग्रामीणों ने इस पहल के लिए रोटरी क्लब का आभार जताया।

