n सिद्धार्थ अग्रवाल, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के लखनावली स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल विभाग की लापरवाही खिलाड़ियों के भविष्य पर भारी पड़ रही है। महज 210 रुपये सालाना फीस लेकर विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण देने वाले इस स्टेडियम में बॉक्सिंग और एथलेटिक्स जैसी प्रमुख खेल गतिविधियां ठप होने की कगार पर हैं। बॉक्सिंग कोच का रिन्यूवल न होने के चलते पिछले डेढ़ महीने से प्रशिक्षण बंद पड़ा है। हालात यह हैं कि बॉक्सिंग हॉल पर ताला लटका हुआ है और रिंग पर धूल जम गई है।
खिलाड़ियों और अभिभावकों का कहना है कि नियमित अभ्यास न होने से प्रतियोगिताओं की तैयारी प्रभावित हो रही है। कई खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कोच न होने से उनका अभ्यास पूरी तरह रुक गया है। एथलेटिक्स खिलाड़ियों को भी पर्याप्त मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा। स्थानीय खिलाड़ियों ने खेल विभाग से जल्द कोच की नियुक्ति और प्रशिक्षण दोबारा शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं हुई तो कई प्रतिभाएं शुरुआत में ही दम तोड़ देंगी।
हॉल में बिजली का बोर्ड टूटा : खेलों इंडिया रेसलिंग सेंटर में बिजली का बोर्ड काफी लंबे समय से टूटा पड़ा है। वही, बॉक्सिंग हॉल के अंदर बंद पड़े कमरे में कबाड़ भरा पड़ा है, जोकि व्यवस्था की पोल खोल रहा है। स्टेडियम में रखरखाव का कार्य न होने के कारण बदहाली हो रही है। दीवारों का प्लास्टर भी जगह-जगह से गिर रहा है।

