कंपनी के लाखों रुपये हड़पे, मैनेजर पर FIR

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में एक केमिकल कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर कंपनी के लाखों रुपये हड़पने और मालिक को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कंपनी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

lakhs of fraud fir against chemical company manager also accused of threatening to kill

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

शहर की एक केमिकल कंपनी के वरिष्ठ कर्मचारी पर कंपनी के लाखों रुपये हड़पने और कंपनी मालिक को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी का आरोप है कि कर्मचारी ने ग्राहकों से कंपनी के भुगतान अपने निजी बैंक खाते और नकद के रूप में वसूल किए, लेकिन इसकी जानकारी कंपनी को नहीं दी।

सेक्टर-58 स्थित सीकरी इंडस्ट्रियल एरिया और सेक्टर-31 डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित गणपति केमिसिस लिमिटेड के व्यापार प्रबंधक राहुल जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कंपनी ने भूपेंद्र सिंह को वरिष्ठ प्रबंधक (सेल्स एवं कलेक्शन) के पद पर नियुक्त किया था। उसने एक अप्रैल 2024 को कंपनी जॉइन की थी। उसका मुख्य कार्य बाजार में कंपनी का माल बेचना और ग्राहकों से भुगतान लेकर कंपनी में जमा करवाना था। शिकायत के अनुसार, पिछले कुछ समय से कंपनी को भुगतान में गड़बड़ी की आशंका हो रही थी। जब प्रबंधन ने ग्राहकों से संपर्क कर भुगतान की स्थिति की जानकारी ली तो मामले का खुलासा हुआ। कई ग्राहकों ने बताया कि वे कंपनी का भुगतान पहले ही भूपेंद्र सिंह को दे चुके हैं। कुछ ग्राहकों ने यह भी बताया कि आरोपी ने रकम अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई, जबकि कुछ भुगतान नकद लिए गए। राहुल जैन का आरोप है कि भूपेंद्र सिंह ने इन भुगतानों की जानकारी कंपनी को नहीं दी और रकम अपने पास रख ली। कंपनी के अनुसार शुरुआती जांच में करीब साढ़े चार लाख रुपये के गबन का पता चला है, हालांकि यह राशि इससे अधिक भी हो सकती है।