स्कूलों के बाहर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के स्कूलों के बाहर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर नवभारत टाइम्स की खबर के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने स्कूलों के बाहर अभियान चलाकर 303 चालान काटे। इसमें बिना हेलमेट, गलत दिशा में वाहन चलाना, दो से अधिक सवारी और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना शामिल है।

major action against traffic rule violators outside schools 303 challans issued

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के स्कूलों के बाहर छुट्टी के समय लगने वाले जाम और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ गई। 15 मई को नवभारत टाइम्स में स्कूलों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग, गलत दिशा में दौड़ते वाहन और अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न स्कूलों के बाहर अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर कुल 303 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 147, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 28, दोपहिया पर दो से अधिक सवारी बैठाने पर 31 और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 48 चालान शामिल हैं। इसके अलावा अन्य नियमों के उल्लंघन में 49 चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया। दो स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों के लिए सेमिनार आयोजित कर ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से भी स्कूलों के बाहर वाहन व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने और नियमों का पालन करने की अपील की।