n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड पर सेक्टर-28/29 कट के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है। ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी निवासी ऑटो चालक असगर खान ने बताया कि 14 मई सुबह करीब पांच बजे वह बदरपुर की ओर जा रहे थे। तभी सड़क पर एक व्यक्ति गंभीर हालत में पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर पता चला कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। फरीदाबाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।

