n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-117 में कंक्रीट के बीच एक ऐसी हरियाली उग आई है, जिसने अब पक्षियों को भी अपना आशियाना दे दिया है। करीब 800 वर्ग मीटर में फैली यह ग्रीन बेल्ट आज किसी छोटे पक्षी अभयारण्य जैसी नजर आने लगी है। सुबह की धूप जब पेड़ों की शाखाओं से छनकर जमीन पर गिरती है, तो यहां उड़ते पक्षियों की आवाजें पूरे माहौल को जीवंत बना देती हैं। कभी सिर्फ एक खाली बफर जोन रही यह जगह अब लोगों के लिए सुकून और प्रकृति के करीब होने का एहसास बन चुकी है। करीब तीन-चार साल पहले नोएडा अथॉरिटी और स्थानीय निवासियों ने मिलकर इस ग्रीन बेल्ट को विकसित करना शुरू किया था। नियमित सिंचाई, पौधों की देखभाल और हरियाली बढ़ाने के प्रयासों का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। 40 मीटर चौड़ी इस पट्टी में नीम, पीपल और लेगरस्ट्रोमिया जैसे छायादार पेड़ों के साथ गुलमोहर, कचनार और जारुल जैसे फूलदार पौधे लगाए गए हैं। इसी हरियाली ने अब ब्लैक आइबिस, सारस, क्रेन और मोर जैसे पक्षियों को भी अपनी ओर खींच लिया है।

